छपरा (रिवीलगंज): रविवार सुबह रिवीलगंज थाना क्षेत्र के सेंगरटोला गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव की 61 वर्षीय महिला रीमा देवी (पति: शत्रुघ्न राय) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ चल रही दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का पैर फ्रैक्चर हो गया है और उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिवारवालों के अनुसार, रीमा देवी रोज़ाना की तरह सुबह लगभग 4 बजे टहलने निकली थीं। उनके साथ मोहल्ले की कुछ और महिलाएं भी थीं। तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से इलाके में शोक की लहर है।

क्या कहते हैं परिजन?
रीमा देवी के परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात वाहन की पहचान कर दोषी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।