छपरा (सारण): सारण जिले में मशरक और पानापुर प्रखंड से सामने आई दो मौतों की घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर जहरीली शराब पीने की चर्चा हो रही है, हालांकि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

जिलाधिकारी Vaibhav Srivastava ने बताया कि बुधवार (11 मार्च) को मशरक प्रखंड के एक व्यक्ति की मृत्यु हुई थी। परिजनों के अनुसार वह कई दिनों से बीमार थे और खाना भी नहीं खा रहे थे। उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए सीएचसी मशरक ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। लेकिन छपरा ले जाने के क्रम में ही उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा कर दिया गया था। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि वह पहले से ही बीमार थे और पारिवारिक कलह के कारण भी कई दिनों से भोजन नहीं कर रहे थे।
इसी बीच मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन ने मुकेश महतो के घर पर छापेमारी की, जहां से 26 लीटर देशी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब की जांच कराई जा रही है।

वहीं गुरुवार (12 मार्च) को पानापुर प्रखंड के एक व्यक्ति की पटना में इलाज के दौरान मृत्यु की जानकारी सामने आई। परिजनों द्वारा स्थानीय थाने को सूचना दिए जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल छपरा में कराया जा रहा है। साथ ही विसरा को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जिलाधिकारी Vaibhav Srivastava और वरीय पुलिस अधीक्षक Vineet Kumar स्वयं पानापुर पहुंचकर पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं। दोनों मृतकों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं बताया गया है।
शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई

सारण पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रही है।
1 जनवरी 2026 से 9 मार्च 2026 तक की कार्रवाई:
कुल छापेमारी – 27,005
दर्ज अभियोग – 1,430
गिरफ्तारियां – 2,291
जब्त शराब – 1,30,103 लीटर
देशी शराब – 91,606 लीटर
विदेशी शराब – 38,497 लीटर
जब्त वाहन – 179
दो दिनों में 160 जगहों पर छापेमारी
11 और 12 मार्च को पानापुर और मशरक प्रखंड के कई गांवों—धेनुकी, धेनुकी नट टोला, दुबौली, डुमरसन, चैनपुर, मशरक पूरब टोला, चरिहारा, बंगरा और किशनपुर आदि में 160 स्थानों पर छापेमारी की गई।
इस दौरान 6 मामले दर्ज किए गए और 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान करीब 1650 लीटर देशी शराब मौके पर ही नष्ट कर दी गई। साथ ही 28 लीटर चुलाई शराब और 28.4 लीटर विदेशी शराब भी जब्त/विनष्ट की गई।

अस्पतालों को किया गया हाई अलर्ट
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। अगर कोई भी व्यक्ति संदिग्ध हालत में बीमार होकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचता है तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को देने के लिए कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें।

