छपरा में सुगम यातायात को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए कई अहम निर्देश
छपरा, 01 अप्रैल:

छपरा, 01 अप्रैल:
शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और जाम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में ई-रिक्शा परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए पूर्व में चिन्हित 8 जोनों के ट्रैफिक लोड और आवश्यकता का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शहर में अनियंत्रित ई-रिक्शा परिचालन से होने वाली अव्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके।
साथ ही प्रत्येक चिन्हित जोन में ई-रिक्शा के लिए उपयुक्त पार्किंग स्थल चिन्हित करने का भी निर्देश दिया गया है। इस कार्य के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) की अध्यक्षता में एक कमिटी गठित की गई है, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), उपनगर आयुक्त, अंचलाधिकारी सदर छपरा एवं संबंधित थाना प्रभारी शामिल रहेंगे।
यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी चिन्हित अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए, ताकि सड़कों पर आवागमन सुगम हो सके।
वीर कुंवर सिंह सेतु के दक्षिणी छोर पर, सारण जिले की सीमा पर खनन विभाग द्वारा चेकपोस्ट संचालित किया जा रहा है, जहां अब सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी।
इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों जैसे विसुनपुरा, मेहिया, मेथवलिया एवं उमधा चौक सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर ट्रैफिक चेकपोस्ट स्थापित करने और सीसीटीवी के जरिए निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
निर्माणाधीन फ्लाईओवर एवं वीयूपी के पास स्थित सर्विस लेन को शीघ्र चालू करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सके और जाम की स्थिति में राहत मिले। साथ ही शहर के निर्धारित मार्गों पर वनवे सिस्टम और रोड डिवाइडर का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, एमवीआई एवं सभी संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन के इन निर्देशों का असर जमीनी स्तर पर कितना दिखाई देता है और छपरा के लोगों को जाम से कितनी राहत मिल पाती है।
![]()


Leave a Reply