छपरा, 01 अप्रैल 2026
छपरा में जल जमाव की समस्या पर सख्त एक्शन, डीएम ने दिए समयबद्ध निर्देश

छपरा शहर में हर साल होने वाली जल जमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए और कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने खनुआ नाला के शेष निर्माण कार्य को 15 अप्रैल 2026 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पूरे खनुआ नाला की उड़ाही (सफाई) और शहर के सभी सहयोगी नालों की सफाई 30 अप्रैल 2026 तक सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि नालों की सफाई कार्य की निगरानी के लिए खंडवार पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही सफाई कार्य पूरा होने के बाद सोशल ऑडिट के तहत स्थानीय निवासियों से फीडबैक लेने का भी निर्देश दिया गया, ताकि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
जल निकासी को सुचारू बनाने के लिए सभी आउटलेट और कलवर्ट की समुचित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं, जहां-जहां सहयोगी नाले मुख्य खनुआ नाला या स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज से जुड़ते हैं, वहां चैम्बर और जाली लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि पॉलिथीन और कचरे को मुख्य नाले में जाने से रोका जा सके।
इसके अलावा, आईपीएस-1 के पास स्थित स्लुईस गेट की मरम्मत को लेकर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस बैठक में नगर आयुक्त, बुडको के कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में छपरा शहर को जल जमाव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।
![]()


Leave a Reply