सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
गुरुवार को फुलवरिया नहर सड़क के किनारे लोगों की नजर एक घायल महिला पर पड़ी। महिला लहूलुहान हालत में सड़क किनारे तड़प रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी दौरान एक चार पहिया वाहन तेज रफ्तार से वहां से निकलता हुआ देखा गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मकेर ले जाया गया। लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में महिला के गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। इसी वजह से पुलिस इसे हत्या के एंगल से भी जांच रही है। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पहले महिला पर जानलेवा हमला किया और फिर उसे चलती कार से सड़क किनारे फेंक दिया।

सबसे बड़ी बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है।
अब सवाल यह है कि आखिर यह महिला कौन थी? उसकी हत्या किसने और क्यों की? क्या यह कोई सुनियोजित वारदात है या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश?
फिलहाल मकेर थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के इलाकों में पहचान तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कैमरे पर नज़र रखिए, हम इस खबर से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाते रहेंगे।


![]()







Leave a Reply