छपरा में साइबर ठगी मामले से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, 2 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
छपरा, सारण। शहर के तेलपा स्थित बिजली कार्यालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक वहीं बैठा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान संजीत कुमार महतो के रूप में हुई है। शुरुआती चर्चा में लोगों ने इसे प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देखा, लेकिन बाद में मामला साइबर ठगी और बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन से जुड़ा सामने आया।

युवक का दावा है कि वह ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगों के संपर्क में आने के बाद खुद ठगी का शिकार हुआ। उसके अनुसार उसके बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये की राशि आई थी, जो कुछ ही समय बाद निकाल ली गई। इस लेन-देन को लेकर साइबर थाना ने उसे नोटिस जारी किया है तथा उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
संजीत कुमार का कहना है कि वह इस पूरे मामले में निर्दोष है और खुद साइबर अपराधियों के जाल में फंस गया। प्राथमिकी दर्ज होने और नोटिस मिलने से मानसिक रूप से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना पर टाउन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत की और उसे उचित जांच तथा कानूनी प्रक्रिया का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।
नीचे आने के बाद युवक ने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह न्याय चाहता है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल
यह घटना केवल एक युवक के टावर पर चढ़ने की नहीं है, बल्कि साइबर अपराध के बढ़ते नेटवर्क और युवाओं के ऑनलाइन ठगी के जाल में फंसने की गंभीर चुनौती को भी सामने लाती है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खाते में आई राशि का स्रोत क्या था, पैसा किन खातों में गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।
फिलहाल जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

![]()





Leave a Reply