छपरा। स्थानीय रामजयपाल कॉलेज परिसर में बुधवार को छात्र जनता दल यूनाइटेड (JDU) की ओर से छात्र संवाद सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विश्वविद्यालयों में लंबित सत्र, छात्रों की समस्याओं और बढ़ती बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जयप्रकाश विश्वविद्यालय छात्र JDU अध्यक्ष राहुल यादव ने की, जबकि मंच संचालन जिला महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी इंजीनियर प्रभास शंकर ने किया।
बैठक में छात्र JDU के प्रदेश प्रभारी सह विधायक रुहेल रंजन, प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार और सारण जिला अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जयप्रकाश विश्वविद्यालय समेत बिहार के कई विश्वविद्यालयों में सत्र के पीछे चलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। छात्रों की ओर से कहा गया कि सत्र में देरी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, परीक्षा और आगे के करियर पर पड़ता है।
इस मुद्दे पर छात्र JDU के प्रदेश प्रभारी सह विधायक रुहेल रंजन ने कहा कि विश्वविद्यालयों में सत्र नियमित कराने को लेकर संगठन गंभीर है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को लगातार संबंधित स्तर पर उठाया जा रहा है और सत्र को नियमित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। छात्र नेताओं ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उच्च शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में छात्र JDU प्रदेश प्रभारी सह विधायक रुहेल रंजन, प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार, सारण जिला अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष ऋतुराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, महिला अध्यक्ष कुसुम देवी, शंभू मांझी, सद्दाम हुसैन, जहांगीर आलम मुन्ना, कमाल अशरफ, सतीश शर्मा, विवेक कुमार और विक्की कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।






Leave a Reply