छपरा, सारण | 16 अक्टूबर 2026
सारण जिले में आगामी रावण दहन कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने छपरा स्थित राजेंद्र स्टेडियम एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आम लोगों की सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष जोर
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन स्थल पर प्रवेश और निकास के रास्ते स्पष्ट रहें, ताकि लोगों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
प्रशासन ने भीड़ के अत्यधिक दबाव और भगदड़ जैसी संभावित घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। इसके साथ ही यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर बल दिया गया।
पुलिस और दंडाधिकारियों के बीच समन्वय के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं दंडाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया गया।

जिला प्रशासन का उद्देश्य रावण दहन के आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया है।
eBiharDigitalNews.com | सारण की हर महत्वपूर्ण खबर, सबसे पहले।

![]()





Leave a Reply