सारण में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन, विजेताओं को मिलेगा प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुति का अवसर
“जन-जन का है यह सपना, नशा मुक्त हो भारत अपना” के संकल्प के साथ सारण जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चल रहा है, जिसके अंतर्गत युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला युवा अधिकारी दीपांकर सिंह ने बताया कि इस आयोजन के तहत कुल 8 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 2 प्रतियोगिताएं ऑनलाइन तथा 6 प्रतियोगिताएं ऑफलाइन माध्यम से संपन्न होंगी।

प्रतियोगिताओं की शुरुआत 30 जुलाई को सुबह 10 बजे से छपरा स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में होगी। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवा इसमें भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। हालांकि जिन युवाओं ने पहले से पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए कार्यक्रम स्थल पर ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। वहीं राज्य स्तर पर विजेता बनने वाले प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त होगा।
आयोजकों ने अधिक से अधिक युवाओं से इस अभियान में भाग लेने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की है।


![]()









Leave a Reply