सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र से एक रहस्यमयी मामला सामने आया है, जहां रामजीतपुर चंवर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार को ग्रामीणों ने चंवर में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव की स्थिति देखकर लोगों के होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल डेरनी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से कुछ ऐसे सुराग मिले, जिन्होंने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया। घटनास्थल से कटा हुआ बिजली का तार और एक कैंची बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों सामानों को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था। शव से दुर्गंध आने लगी थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। बदबू के कारण मौके पर मौजूद लोगों को नाक और मुंह ढंककर शव को देखना पड़ रहा था।

सबसे बड़ी बात यह है कि काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और लापता लोगों की सूची के आधार पर युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
अब सवाल यह है कि क्या युवक की मौत करंट लगने से हुई, या इसके पीछे कोई और वजह है? घटनास्थल से मिले बिजली के तार और कैंची कई सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

![]()










Leave a Reply