छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जदयू नेता एवं संभावित उम्मीदवार इंजीनियर आनंद पुष्कर ने छपरा परिसदन में आयोजित प्रेसवार्ता में दावा किया कि पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाने का निर्णय ले लिया है और अब केवल एनडीए की औपचारिक घोषणा बाकी है।
आनंद पुष्कर ने विश्वास जताते हुए कहा कि वे ही एनडीए के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने शिक्षकों से समर्थन की अपील करते हुए अपने पिता एवं पूर्व शिक्षक नेता स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय के दो दशक लंबे योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय ने शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में सदन से लेकर सड़क तक शिक्षकों की आवाज बुलंद की थी। शिक्षकों के वेतनमान, सेवा शर्तों और विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने लगातार संघर्ष किया, जिसके कारण शिक्षक समाज आज भी उन्हें सम्मान के साथ याद करता है।

आनंद पुष्कर ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से ही शिक्षकों की समस्याओं और उनके संघर्षों को करीब से समझा है। उनका दावा है कि शिक्षक समाज विकास, सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर इस बार गंभीरता से निर्णय लेगा।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने वर्तमान प्रतिनिधित्व पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पिछली बार शिक्षकों से किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए। उनका कहना था कि शिक्षक अब पहले की तुलना में अधिक जागरूक हैं और किसी भी प्रकार के प्रलोभन के आधार पर निर्णय नहीं लेने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज भविष्य निर्माण का आधार है और उसकी गरिमा किसी भी कीमत से ऊपर है। आनंद पुष्कर ने विश्वास जताया कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक इस बार उनके पिता के कार्यों और उनके संकल्प को देखते हुए उन्हें समर्थन देंगे।
गौरतलब है कि वर्तमान में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व जन सुराज समर्थित विधान पार्षद अशफाक करीम कर रहे हैं। वहीं भाजपा सहित एनडीए के अन्य घटकों में भी संभावित दावेदारों की चर्चा जारी है। ऐसे में आधिकारिक घोषणा से पहले आनंद पुष्कर का यह दावा राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
प्रेसवार्ता में जदयू जिला अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह ‘विकल’, जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, जिला प्रवक्ता ब्रजेश कुमार, जिला महासचिव इंजीनियर प्रभाष शंकर सहित कई जदयू नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

![]()









Leave a Reply