छपरा में युवक की हत्या से सनसनी, हवाई अड्डा परिसर में मिला मुजफ्फरपुर निवासी का शव
छपरा। सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन से सटे हवाई अड्डा परिसर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सचिन कुमार छपरा शहर के एक मिठाई कारखाने में कार्य करता था। घटना की जानकारी कारखाना संचालक संतोष कुमार द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल फोन, खून लगा कपड़ा, एक पत्थर सहित अन्य सामान बरामद किया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और नमूने एकत्र किए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक राम पुकार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


![]()








Leave a Reply