eBiharDigitalNews

डिजिटल युग का डिजिटल समाचार

जलालपुर में युवक की बेरहमी से हत्या | दुबोलिया चँवर में मिला शव | आखिर कौन है मृतक?

सारण के जलालपुर में एक युवक की लाश मिली है।
लाश की उम्र नहीं होती, लेकिन जिस चेहरे को देखकर लोग अनुमान लगा रहे हैं, वह करीब 27 साल का बताया जा रहा है। पहचान अभी नहीं हुई है। नाम नहीं मालूम, घर नहीं मालूम, लेकिन उसकी मौत पूरे इलाके से कई सवाल पूछ रही है।
जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबोलिया चँवर में जब लोगों ने शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के गर्दन पर गहरे जख्म के निशान दिखाई दे रहे हैं। देखने वालों का कहना है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।
पुलिस मौके पर पहुंची है। जलालपुर थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ऐसा लगता है कि हत्या कहीं और की गई और शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।

लेकिन इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह युवक कौन था?
उसकी हत्या क्यों की गई?
क्या वह किसी आपराधिक रंजिश का शिकार हुआ या किसी और साजिश का?
और सबसे बड़ा सवाल, अपराधियों ने इतनी बेरहमी क्यों दिखाई?
इन सवालों के जवाब अभी अंधेरे में हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुबोलिया चँवर और आसपास के इलाकों में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों को याद है कि एक बड़ी घटना के बाद यहां पुलिस चौकी बनाने की बात हुई थी। कुछ शुरुआती काम भी हुआ, लेकिन फिर मामला फाइलों में दबकर रह गया।
अब लोग पूछ रहे हैं कि क्या अपराधियों को यह भरोसा हो गया है कि इस इलाके में शव फेंककर वे आसानी से निकल सकते हैं?
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश जारी है।
एक अज्ञात युवक की यह खामोश लाश सिर्फ एक हत्या की कहानी नहीं है। यह कानून-व्यवस्था, पुलिस व्यवस्था और समाज के सामने खड़े उन सवालों की भी कहानी है, जिनके जवाब का इंतजार पूरा इलाका कर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *