eBiharDigitalNews

डिजिटल युग का डिजिटल समाचार

छपरा में माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को लेकर सख्ती, परीक्षा केंद्र के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

छपरा में STET परीक्षा को लेकर 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू, साइबर कैफे और फोटोकॉपी दुकानें रहेंगी बंद
छपरा, 31 अक्टूबर 2026। बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET)-2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए छपरा में परीक्षा केंद्र के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर छपरा नितेश कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक छपरा स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय, विशेश्वर सेमिनरी उच्च विद्यालय परिसर, म्युनिसिपल चौक एवं श्रीनंदन पथ स्थित परीक्षा केंद्र की बाहरी चारदीवारी से सभी दिशाओं में 500 गज की परिधि में प्रतिबंध लागू रहेंगे।
दो पालियों में होगी परीक्षा
STET-2026 की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से शाम 5:20 बजे तक निर्धारित है।

परीक्षा केंद्र के आसपास इन गतिविधियों पर प्रतिबंध
प्रशासन के आदेश के तहत परीक्षा केंद्र के 500 गज के दायरे में शांति भंग करने या अपराध की आशंका वाले उद्देश्य से पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा लाठी, भाला, गड़ासा, छुरा, आग्नेयास्त्र और विस्फोटक सामग्री लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा अवधि के दौरान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी। साथ ही परीक्षा केंद्र के आसपास स्थित साइबर कैफे, फोटोकॉपी और प्रिंटिंग की दुकानें बंद रखी जाएंगी।
किन्हें मिलेगी छूट?
आदेश के अनुसार, सरकारी पदाधिकारियों, पुलिस एवं सशस्त्र बलों के कर्मियों, परीक्षा संचालन में लगे कर्मचारियों और परीक्षार्थियों पर ये प्रतिबंध लागू नहीं होंगे। प्रशासन द्वारा जारी पासधारियों के साथ शव यात्रा, धार्मिक जुलूस और शादी-विवाह के कार्यक्रमों को भी निर्धारित आदेश के तहत छूट दी गई है।
प्रशासन की आम लोगों से अपील
अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को पारित यह आदेश निर्धारित परीक्षा अवधि में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग करने और निषेधाज्ञा का पालन करने की अपील की है।
eBihar Digital News | छपरा, सारण

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *