eBiharDigitalNews

डिजिटल युग का डिजिटल समाचार

जलालपुर हत्याकांड का खुलासा | समस्तीपुर के दीपक यादव की प्रेम प्रसंग में हत्या? | सारण वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार

सारण के जलालपुर में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझी, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप; महिला और उसका भाई गिरफ्तार
छपरा: सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबोलिया चँवर में 13 सितंबर को मिले अज्ञात युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) रोशन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के निवासी दीपक कुमार यादव के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया गया है।
13 सितंबर को दुबोलिया चँवर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई थी कि हत्या कहीं और कर शव को चँवर में फेंका गया है। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
एसएसपी के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से मिले टिकट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुराग मिला। इसके बाद दिल्ली और छपरा के विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। पुलिस का कहना है कि इसी क्रम में मृतक की पहचान दीपक कुमार यादव के रूप में हुई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और छपरा की एक युवती के बीच पहले से परिचय था। पुलिस के मुताबिक युवती की शादी हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद दीपक लगातार उससे संपर्क करने और परेशान करने का प्रयास कर रहा था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के कारण युवती और उसके भाई ने मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
एसएसपी रोशन कुमार ने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले का उद्भेदन किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में उनकी संलिप्तता का दावा किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने कहा कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आई है। हालांकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी भी जारी है और अनुसंधान के दौरान अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *