eBiharDigitalNews

डिजिटल युग का डिजिटल समाचार

परसा में करंट से मां-बेटे की मौत, बेटे को बचाने दौड़ी मां भी चपेट में

बेटे को करंट में फंसा देख बचाने दौड़ी मां, बिजली की चपेट में आकर दोनों की मौत
छपरा | सारण
सारण जिले के परसा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 स्थित खोजौली गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बैंगन के खेत में पानी पटाने के दौरान बिजली की चपेट में आने से मां और उसके 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
मृतकों की पहचान डेरनी थाना क्षेत्र के खजौली निवासी जयप्रकाश सिंह उर्फ साधु की 45 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी और उनके 14 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है।
खेत में पानी पटाने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, जयप्रकाश सिंह ने घर से कुछ दूरी पर परसा थाना क्षेत्र के शोभे परसा गांव के समीप बैंगन की खेती की थी। बुधवार की सुबह रिंकू देवी अपने पुत्र राहुल कुमार के साथ खेत में पानी पटाने गई थीं।
खेत में शोभे परसा गांव के एक व्यक्ति की मोटर से पानी दिया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि मोटर के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था।
पानी पटाने के दौरान अचानक राहुल कुमार करंट की चपेट में आ गया। बेटे को बिजली के करंट में फंसा देख मां रिंकू देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं। इसी दौरान वह भी बिजली की चपेट में आ गईं।

हादसा इतना गंभीर था कि मां और बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पति जयप्रकाश सिंह, पूर्व वार्ड पार्षद शिव कुमार सिंह समेत ग्रामीण दोनों को आनन-फानन में सरकारी अस्पताल परसा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मां-बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पुत्री प्रिया कुमारी, पुत्र विनय कुमार, ससुर भूटेली सिंह और सास शैल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर परसा थानाध्यक्ष ओम प्रकाश और डेरनी थाना के एसआई त्रिपुरारी सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। बिजली की मोटर और तार से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
एक ही हादसे में मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *