छपरा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हैं।
बिनटोलिया इलाके में DRCC कार्यालय और बस स्टैंड के पास सड़क निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसी बीच एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिनटोलिया गांव स्थित सड़क पर निर्माण कार्य में लगे गिट्टी लदे हाईवा की चपेट में आने से 62 वर्षीय चंपा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। चंपा देवी बिनटोलिया गांव निवासी सरीखन राय की पत्नी थीं।

परिजनों के अनुसार, चंपा देवी अपनी भगिनी से मिलने सदर अस्पताल जा रही थीं। जैसे ही वह वास्तु विहार फेज-वन के पास सड़क पार कर रही थीं, उसी दौरान निर्माण कार्य में लगे हाईवा से यह हादसा हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला को बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में शोक व आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाईवा को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। जांच की जा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और चालक की स्थिति क्या थी।
बता दें कि घटनास्थल से लगभग 300 मीटर की दूरी पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है। इसी को लेकर क्षेत्र में सड़क और अन्य विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।



