राखी का धागा भाई-बहन के प्यार, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है। लेकिन सारण के रिविलगंज थाना क्षेत्र के जिगना गांव से आई एक खबर ने इस रिश्ते की पवित्रता को झकझोर कर रख दिया है।
महज 15 वर्ष की अनन्या कुमारी अब इस दुनिया में नहीं है। आरोप है कि उसकी जान किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने सगे भाई ने ले ली। जिस भाई की कलाई पर कभी राखी बंधी होगी, उसी पर आज हत्या का आरोप है।
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई यही पूछ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक भाई अपनी ही बहन का दुश्मन बन गया?
पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। कोई इसे पारिवारिक विवाद बता रहा है तो कोई प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और हर पहलू की जांच की जा रही है।

इस घटना के पीछे एक और दर्दनाक सच भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। पिता बाहर रहते हैं और मां की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद अनन्या का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं बड़ी बहन सलोनी कुमारी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
एक बहन की जिंदगी खत्म हो गई, एक भाई सलाखों के पीछे पहुंच गया और एक परिवार बिखर गया। लेकिन सवाल अब भी बाकी है—क्या वजह इतनी बड़ी थी कि रिश्तों की सारी मर्यादाएं टूट गईं?
फिलहाल इस सवाल का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
अब सुनिए, इस घटना को लेकर पड़ोसियों का क्या कहना है…

![]()







Leave a Reply