छपरा, सारण। देशभर में NEET परीक्षा को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों की गूंज अब सारण जिले में भी सुनाई देने लगी है। बुधवार को छपरा में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया तथा प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन भी किया।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शंकर चौधरी, युवा विधानसभा अध्यक्ष फैजान अनवर, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि नीट से जुड़े मुद्दों और युवाओं की समस्याओं को लेकर देशभर में असंतोष का माहौल है, जिसे सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद मार्च, राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन तथा पटना में हुए प्रदर्शनों के बाद अब यह मुद्दा विभिन्न जिलों तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में छपरा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए युवाओं के हितों की रक्षा की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नीट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब केवल परीक्षा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह व्यापक राजनीतिक बहस का विषय बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट: संजीव मिश्रा
eBihar DigitalNews

![]()






Leave a Reply