दुबई से दिल्ली पहुंचा, लेकिन घर नहीं लौट सका! दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-3 से लापता हुआ छपरा का जहांगीर मियां
छपरा, बिहार | eBihar DigitalNews
दुबई में करीब ढाई वर्षों तक काम करने के बाद अपने घर लौट रहे सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुर निवासी जहांगीर मियां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। परिवार का आरोप है कि वह 22 जुलाई 2026 से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 क्षेत्र से गायब हैं और अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों के अनुसार, जहांगीर मियां 21 जुलाई 2026 को दुबई से दिल्ली पहुंचे थे। उन्हें दिल्ली से वाराणसी के लिए घरेलू उड़ान पकड़नी थी, जिसके लिए परिवार के सदस्य उन्हें लेने दिल्ली पहुंचे हुए थे।
बताया जा रहा है कि दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने महिपालपुर क्षेत्र के एक होटल में रात्रि विश्राम किया। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी और वह बीच-बीच में असामान्य व्यवहार करने लगते थे।

22 जुलाई को उन्हें दोबारा एयरपोर्ट टर्मिनल-3 ले जाया गया ताकि वह वाराणसी की फ्लाइट पकड़ सकें। लेकिन इसी दौरान वह अपने परिजनों के बीच से अचानक लापता हो गए। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद है और परिवार को उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है।
परिजनों ने दिल्ली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। वहीं दिल्ली पुलिस की ओर से समय-समय पर गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाए जाते रहे हैं।
इधर छपरा स्थित उनके घर पर मातम जैसा माहौल है। उनकी वृद्ध मां, बेटी, बहन और अन्य परिजन लगातार उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं। परिवार ने शासन, प्रशासन और आम जनता से अपील की है कि जहांगीर मियां को खोजने में मदद करें।
पहचान
नाम: जहांगीर मियां
निवासी: ब्रह्मपुर, भगवान बाजार थाना, छपरा (सारण)
अंतिम बार देखे गए: दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-3 क्षेत्र
तारीख: 22 जुलाई 2026
जानकारी हो तो तुरंत संपर्क करें:
📞 8709081379
📞 9708573898
📞 9572085364
eBihar DigitalNews सभी पाठकों और दर्शकों से अपील करता है कि इस खबर को अधिक से अधिक साझा करें। आपकी एक शेयर किसी परिवार को उसके अपने से मिला सकती है।
रिपोर्ट: संजीव मिश्रा
Editor, eBihar DigitalNews

![]()






Leave a Reply