पीएम सूर्य घर योजना से हर घर होगा रोशन, सोलर पैनल पर मिलेगी सब्सिडी और आसान ऋण सुविधा
छपरा। बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने लोगों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन परिवारों के घरों में नियमित रूप से बिजली की खपत होती है, वे अपनी छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल में बड़ी बचत कर सकते हैं। योजना के तहत सरकार सोलर पैनल स्थापना पर आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है। साथ ही बैंकों के माध्यम से आसान किस्तों पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आम परिवारों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना और आसान हो गया है।

उन्होंने कहा कि योजना के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। इच्छुक लाभार्थियों को केवल बैंक द्वारा मांगे गए आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं। इसके बाद ऋण और सब्सिडी की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जाती है। इससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सोलर पैनल लगाने के लिए बहुत अधिक जगह की आवश्यकता नहीं होती। एक बार स्थापना होने के बाद यह कई वर्षों तक बिजली उत्पादन करता है, जिससे परिवारों को लंबे समय तक आर्थिक लाभ मिलता है। इससे बिजली बिल में कमी आती है और उपभोक्ता ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनते हैं।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी लाभकारी है। सोलर पैनल स्वच्छ ऊर्जा का स्रोत हैं और इनके उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है। यह हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत आवेदन कर इसका लाभ उठाने और स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बनने की अपील की।

![]()



Leave a Reply