eBiharDigitalNews

डिजिटल युग का डिजिटल समाचार

नेपाल की तबाही का असर बिहार तक! सारण के तरैया में गंडक किनारे हाई अलर्ट

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और ग्लेशियर जनित आपदा का असर अब बिहार तक पहुंचने लगा है। नेपाल की नारायणी (गंडक) नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए बिहार सरकार ने गंडक नदी से जुड़े जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। सारण जिले के तरैया प्रखंड सहित गंडक नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। नेपाल में आई आपदा के बाद गंडक नदी में पानी का दबाव बढ़ सकता है, जिसके कारण उत्तर बिहार के कई जिलों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा एनडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

सारण जिला पहले भी गंडक नदी की बाढ़ से प्रभावित होता रहा है। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार तरैया, पानापुर, अमनौर, परसा, मशरक और आसपास के कई क्षेत्र बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील माने जाते हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से लोगों को नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने, बच्चों को नदी के पास न जाने देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को देने की सलाह दी गई है। आने वाले 24 से 48 घंटे गंडक नदी के जलस्तर पर विशेष नजर रखी जा रही है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *