सारण में आकाशीय बिजली का कहर: धान रोपनी के दौरान इकलौते बेटे समेत 2 की मौत, गांव में मातम
छपरा/सारण: जिले के कोपा थाना क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में सम्हौता गांव निवासी 15 वर्षीय रोहित कुमार और बरदाहा गांव निवासी ओमप्रकाश मांझी की जान चली गई। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बारिश के बीच खेतों में धान की रोपनी का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से रोहित कुमार और ओमप्रकाश मांझी गंभीर रूप से झुलस गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक रोहित कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दूसरे मृतक ओमप्रकाश मांझी के परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से आपदा राहत प्रावधानों के तहत सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।
रिपोर्ट: eBihar DigitalNews
सारण (बिहार)






Leave a Reply