छपरा में EOU की बड़ी कार्रवाई: आय से 72.35% अधिक संपत्ति मामले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अजीत अमर के चार ठिकानों पर छापेमारी
छपरा/सारण। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सहरसा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत अमर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार को ईओयू की विशेष टीम ने छपरा समेत चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से मिली सूचनाओं के सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध इकाई थाना में कांड संख्या-17/26, दिनांक 06 अगस्त 2026 दर्ज किया गया। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, अजीत अमर पर अपने ज्ञात आय स्रोतों की तुलना में 72.35 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इसी मामले की जांच के क्रम में ईओयू की टीम ने उनके आवास और अन्य संबंधित परिसरों पर तलाशी अभियान शुरू किया।
सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान बैंक खातों, निवेश, अचल संपत्तियों, भूमि संबंधी दस्तावेजों तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की जा रही है। ईओयू की टीम विभिन्न दस्तावेजों को खंगालकर संपत्ति और आय के बीच अंतर का विस्तृत आकलन कर रही है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही। हालांकि समाचार लिखे जाने तक ईओयू की ओर से बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई थी।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ईओयू इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

![]()










Leave a Reply