छपरा: आस्था और श्रद्धा का एक अनोखा उदाहरण सारण के प्रसिद्ध बाबा धर्मनाथ धनी मंदिर में देखने को मिला। छपरा के युवा व्यवसायी अमन और प्रकाश ने अपनी मन्नत पूरी होने पर मंदिर के गर्भगृह में वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था कराई है।
दोनों युवाओं ने बताया कि उनकी एक मनोकामना पूरी हुई थी। इसके बाद उन्होंने मंदिर में सेवा करने का संकल्प लिया। उनका कहना है कि जब हम अपने घरों और कार्यालयों में एसी की सुविधा का उपयोग करते हैं, तो भगवान के गर्भगृह में भी बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। इसी भावना के साथ उन्होंने गर्भगृह में एसी लगवाने का निर्णय लिया।
मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना की है। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा धर्मनाथ धनी मंदिर पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में यह व्यवस्था मंदिर परिसर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होती, बल्कि सेवा और समर्पण की भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। अमन और प्रकाश की यह पहल इसी भावना का उदाहरण है।
बाबा धर्मनाथ धनी मंदिर सारण के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। सावन के पवित्र महीने में यहां विशेष रूप से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
रिपोर्ट: संजीव मिश्रा, eBiharDigitalNews.com

![]()




Leave a Reply