बारिश के बाद छपरा की सड़कों पर जलजमाव, आम लोगों ने उठाए व्यवस्था पर सवाल
छपरा: एक ओर मानसून की बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में जलजमाव ने आम नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी। बारिश थमने के करीब एक घंटे बाद भी कई सड़कों पर पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
शहर के करिचक इलाके में सड़क पर लगभग एक से दो फीट तक पानी बहता दिखाई दिया। वहीं एलआईसी कार्यालय के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास भी सड़क पर जलजमाव का दृश्य देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नजर नहीं आती।
जलजमाव के कारण सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वालों, साइकिल सवारों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। सड़क पर भरे पानी के कारण लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि कई जगहों पर वाहन चालकों को भी जाम और दुर्घटना की आशंका के बीच गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया कि शहर में विकास और बुनियादी सुविधाओं के दावों के बावजूद बारिश के कुछ ही समय बाद सड़कों पर जलजमाव क्यों हो जाता है। लोगों का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था की नियमित सफाई और रखरखाव नहीं होने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है।
नागरिकों का मानना है कि जलजमाव केवल असुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, यातायात और शहरी प्रबंधन से जुड़ा गंभीर मुद्दा भी है। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।बारिश के बाद सामने आई ये तस्वीरें एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर शहर की सड़कों पर हर वर्ष बनने वाली इस समस्या का समाधान कब होगा और आम लोगों को इससे राहत कब मिलेगी।

![]()



Leave a Reply