छपरा। सारण मुख्यालय छपरा में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से एसएनजे (SNJ) मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया गया। शहर के बीचों-बीच स्थापित इस अस्पताल से लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। अस्पताल की परिकल्पना और स्थापना चिकित्सक डॉ. संदीप, डॉ. नीरज एवं डॉ. जयंत ने मिलकर की है।
उद्घाटन समारोह में शहर के कई गणमान्य लोग, चिकित्सक, समाजसेवी, व्यवसायी एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अस्पताल की पहल की सराहना करते हुए इसे छपरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रसिद्ध समाजसेवी एवं व्यवसायी वरुण प्रकाश ने कहा कि छपरा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। एसएनजे मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

वहीं, पूर्व महापौर राखी गुप्ता ने अस्पताल की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इस तरह के संस्थानों की स्थापना से आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल बेहतर चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार को भी प्राथमिकता देगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता को शहर के लिए सकारात्मक पहल बताया। लोगों का मानना है कि इससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी और समय के साथ छपरा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बन सकेगा।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही इलाज को आम लोगों की पहुंच में रखने का प्रयास किया जाएगा।
एसएनजे मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के शुभारंभ के साथ ही छपरा के लोगों को एक नई उम्मीद मिली है कि अब बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूर-दराज के शहरों का रुख कम करना पड़ेगा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

![]()




Leave a Reply