विश्वकर्मा पूजा के दिन सरयू में नहाना पड़ा महंगा, रौजा मठिया के 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत
छपरा: विश्वकर्मा पूजा के दिन छपरा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। छपरा नगर निगम के वार्ड नंबर 45 स्थित रौजा मठिया के दियारा इलाके में सरयू नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंजीत कुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है। मंजीत के पिता का नाम मुन्ना राय है।
नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि विश्वकर्मा पूजा के मौके पर मंजीत नदी में स्नान करने गया था। परिवार में आज वाहन पूजा की तैयारी थी। मंजीत ने सोचा था कि नदी में स्नान करने के बाद वापस लौटकर वाहन की पूजा में शामिल होगा।
इसी दौरान उसने सरयू नदी में छलांग लगा दी। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद NDRF और SDRF की टीम ने नदी में युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद मंजीत के शव को नदी से बाहर निकाला गया।
दो भाइयों में छोटा था मंजीत
मंजीत कुमार दो भाइयों में छोटा था। विश्वकर्मा पूजा के दिन परिवार को अपने बेटे के साथ त्योहार मनाना था, लेकिन हादसे के बाद घर में मातम पसर गया।
घटना की जानकारी मंजीत के चाचा द्वारा सदर अस्पताल में दी गई।
बढ़े जलस्तर के बीच नदी में जाना खतरनाक
फिलहाल क्षेत्र की नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में नदी में स्नान करना या गहरे पानी में जाना जानलेवा साबित हो सकता है। खासकर दियारा और नदी किनारे रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों से अपील है कि बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव के दौरान नदी में स्नान करने से बचें। बच्चों और युवाओं को भी नदी के किनारे अकेले न जाने दें।
नदी जीवन देती है, लेकिन जलस्तर बढ़ने और धारा तेज होने पर यही नदी जिंदगी के लिए बड़ा खतरा भी बन सकती है।

![]()







Leave a Reply