eBiharDigitalNews

डिजिटल युग का डिजिटल समाचार

आज दिनांक 03.11.2025 को प्रातः लगभग 08:00 बजे मढ़ौरा थाना को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भावलपुर, थाना मढ़ौरा, जिला सारण में आपसी विवाद को लेकर गोली चलने की घटना घटित हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंदन सिंह पिता जयप्रकाश सिंह एवं छोटू सिंह तथा विवेक सिंह (दोनों पिता विजय सिंह) के बीच आपसी विवाद हुआ। झगड़े के क्रम में छोटू सिंह द्वारा गोली चलायी गयी, जिससे कुंदन सिंह के दोस्त अमन कुमार (उम्र 18 वर्ष), पिता उमेश साह, ग्राम सुथिहार, थाना डेरनी, जिला सारण को गोली लग गई। अमन कुमार अपने मामा सुनिल कुमार, पिता रघुनाथ साह, ग्राम भावलपुर, थाना मढ़ौरा के घर रहते थे।

घटना के पश्चात घायल अमन कुमार को उपचार हेतु तत्काल पीएचसी मढ़ौरा ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज हेतु उन्हें सदर अस्पताल, छपरा रेफर किया गया।

इसी क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा एवं अंचल पुलिस निरीक्षक, मढ़ौरा द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्राथमिक जांच में यह घटना पूर्ववर्ती आपसी दुश्मनी का प्रतीत होती है। मढ़ौरा थाना पुलिस टीम द्वारा घटना की गहनता से जांच की जा रही है। शीघ्र ही दोषी को गिरफ्तार कर विधि सम्मत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *