eBiharDigitalNews

डिजिटल युग का डिजिटल समाचार

छपरा के दाउदपुर में दर्दनाक हादसा: लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 5 वर्षीय जुड़वा भाइयों की मौत

छपरा, 18 जुलाई: सारण जिले के दाउदपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर के समीप शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय जुड़वा भाइयों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दाउदपुर चट्टी निवासी भुखल नट के 5 वर्षीय जुड़वा पुत्र सूर्या कुमार और सागर कुमार खेलते-खेलते रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। बताया जाता है कि उसी दौरान अप लाइन पर लिच्छवी एक्सप्रेस गुजर रही थी। दोनों बच्चे एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्टेशन मास्टर को जानकारी दी गई, जिसके बाद जीआरपी को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चों का घर रेलवे लाइन के काफी नजदीक है। खेलते-खेलते बच्चे अक्सर आसपास के क्षेत्र में चले जाते थे। शनिवार को भी दोनों मासूम खेलते हुए ट्रैक तक पहुंच गए और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के किनारे रहने वाले परिवारों की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गरीब परिवारों के बच्चे अक्सर सुरक्षित खेल मैदानों के अभाव में रेलवे लाइन और सड़कों के आसपास खेलते नजर आते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद दाउदपुर और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है। एक साथ दो मासूम बेटों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रिपोर्ट: eBihar DigitalNews
स्थान: दाउदपुर, छपरा (सारण)

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *