बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे निर्माणाधीन पुल पर बड़ा हादसा हो गया। पुल निर्माण के दौरान भारी लोहे का लॉन्चर और उससे जुड़ा सुपर स्ट्रक्चर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त कई मजदूर वहां काम कर रहे थे।
वैशाली की जिलाधिकारी के अनुसार इस दुर्घटना में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की स्थिति अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है।
लेकिन इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना में ऐसा हादसा कैसे हुआ? क्या तकनीकी खामी थी? क्या सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया? या फिर कहीं कोई मानवीय चूक हुई?

एनएचएआई का कहना है कि लॉन्चर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने के दौरान यह दुर्घटना हुई। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि किसी मजदूर की जान नहीं गई। लेकिन यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि विकास की रफ्तार के साथ सुरक्षा की मजबूती भी उतनी ही जरूरी है।
कैमरे के पीछे से मैं संजीव मिश्रा, eBihar DigitalNews।

![]()







Leave a Reply